प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता के रूप में झारखंड की जनता की आवाज को मजबूती से उठाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी : विजय शंकर नायक

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी में मुझे प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। उपरोक्त बातें गुरुवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नव मनोनीत प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने कहीं। उन्होंने यह भी कहा प्रदेश प्रवक्ता जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर मैं विशेष रूप से सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, के.सी.वेणुगोपाल, झारखंड प्रभारी के.राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विशेष रूप पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोध कान्त सहाय सहित अन्य केंद्रीय कांग्रेस नेतृत्व तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति अपना हार्दिक धन्यवाद एवं कृतज्ञता प्रकट करता हू।

नायक ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव सामाजिक न्याय, लोकतंत्र, संविधान, दलित आदिवासी-पिछड़ा, अल्पसंख्यक, गरीब, किसान, छात्र, छात्रा, मजदूर एवं युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य किया है। पार्टी नेतृत्व द्वारा मुझ पर जताया गया यह विश्वास मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। नायक ने यह भी कहा की मैं विश्वास दिलाता हूं कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती तथा जनहित के मुद्दों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं संघर्षशीलता के साथ जनता के बीच रखने का कार्य करूंगा। झारखंड की जनता की आवाज को मजबूती से उठाना तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करना मेरी प्रथम और अंतिम प्राथमिकता होगी। मैं कांग्रेस परिवार के सभी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं समर्थकों का भी हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिनके स्नेह, विश्वास और सहयोग से मुझे यह जिम्मेदारी प्राप्त हुई है।

Spread the love