पर्यटन स्थल के अधिसूचित छड़वा डैम के विकास कार्यों के मद्देनजर उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

360° Ek Sandesh Live

हजारीबाग : जिले में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के उद्देश्य से छड़वा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल तेज कर दी गई है। इसी क्रम में उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने आज छड़वा डैम परिसर का भ्रमण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रिया सिंह, नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय तथा जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने संपूर्ण डैम परिसर का भ्रमण करते हुए प्रस्तावित बोटिंग सुविधा, पार्क निर्माण स्थल, बहुउद्देशीय भवन निर्माण स्थल एवं पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर योजनाओं को जल्द मूर्त रूप देने का निर्देश दिया। मौके पर उपायुक्त ने नगर आयुक्त को डैम के क्षतिग्रस्त गेट के निर्माण हेतु प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि सुरक्षा एवं संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित की जा सके। उपायुक्त ने कहा कि छड़वा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने से न केवल जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

Spread the love