पश्चिमी सिंहभूम में सोनुआ-गुदड़ी मार्ग पर दो बाइक की सीधी भिड़ंत,छह लोग घायल

Road Accident

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के सोनुआ-गुदड़ी मुख्य मार्ग पर स्थित सारंडियापोस गांव के पास मंगलवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि दो लोगों को सोनुआ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं : प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे के वक्त सारंडियापोस निवासी जितेन महतो (25) अपने भतीजी जयश्री महतो (10) और भतीजे रूपेश महतो (7) को अर्जुनपुर स्कूल छोड़ने के लिए जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से जाटीसेरेंग गांव के दुर्गा मुंडा (30), संजय मुंडा (32) और 10 वर्षीय गुरुवा मुंडा सोनुआ की ओर से आ रहे थे। तेज गति और असंतुलन के कारण दोनों बाइकों में आमने-सामने की टकर हो गई। हादसे में जितेन महतो का पैर टूट गया, जबकि जयश्री महतो और दुर्गा मुंडा के सिर पर गंभीर चोट आई है। संजय मुंडा को भी सिर में गंभीर चोटें लगी हैं। सभी गंभीर रूप से घायलों को पहले सोनुआ अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया। रूपेश महतो और गुरुवा मुंडा को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज सोनुआ अस्पताल में चल रहा है।

Spread the love