पत्थर खदान के लिए प्रस्तावित जनसुनवाई का कार्यक्रम स्थगित

360° Ek Sandesh Live

Saddam Hussain

शिकारीपाड़ा/दुमका: शिकारीपाड़ा अंचल के बेचिरागी मौजा सियाल पहाड़ी में शुक्रवार को  पत्थर खदान के लिए प्रस्तावित जनसुनवाई का कार्यक्रम ग्रामीणों के विरोध के कारण स्थगित हो गया। हालांकि जनसुनवाई कार्यक्रम के लिए अंचलाधिकारी शिकारीपाड़ा कपिल देव ठाकुर और अन्य विभाग के पदाधिकारी आयोजन स्थल पर पहुंच चुके थे परंतु ग्रामीणों ने विरोध करते हुए कहा कि संबंधित खदान के संचालकों ने ग्रामीणों से कोई सलाह मशवरा नहीं किया और मात्र कुछेक लोगों से बात कर जनसुनवाई का कार्यक्रम रख दिया। बाद में बबलू मरांडी पंचायत समिति सदस्य मलूटी एवं अन्य ग्रामीणों ने कहा कि  सियाल पहाड़ी मौजा बेचिरागी मौजा है जिसके लिए ग्राम सभा एवं अन्य कार्यक्रम शंकरपुर मौजा में होता आया है परंतु इस बार संबंधित खदान के मालिकों ने ग्रामीणों को कोई जानकारी नहीं दी जिसके कारण आज ग्राम सभा का कार्यक्रम स्थगित हो गया।

 बताते चलें कि पंचायत मलुटी अंतर्गत सियाल पहाड़ी मौजा एक बेचिरागी मौजा है जहां कई पत्थर खदान संचालित हैं और कुछ प्रस्तावित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सियाल पहाड़ी मौजा के अगल-बगल शंकरपुर, मुर्गातला, ललिता कुंडी, बांकीजोर जैसे ग्राम अवस्थित हैं जो पत्थर खदान के संचालित होने से प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होते हैं इसलिए ग्राम सभा एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के लिए सभी ग्रामीणों को तथा ग्राम के ग्राम प्रधान, मुखिया एवं अन्य पदधारियों को समय पर सूचना मिलनी चाहिए। हालांकि इस संबंध में दुसरे पक्ष की प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।

Spread the love