पुलिस लिखा वाहन ने रेहड़ी-ठेला वालों को मारी टक्कर, सड़क पर बिखरा सामान

360° Ek Sandesh Live

हजारीबाग : शहर के व्यस्ततम त्रिमूर्ति चौक पर कानून के रखवालों की एक बड़ी और अमानवीय लापरवाही सामने आई है। यहाँ एक पुलिस लिखी वाहन के चालक ने गाड़ी चलाते हुए सड़क किनारे दुकान लगाने वाले गरीब रेहड़ी-पटरी वालों के ठेलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस अचानक हुई टक्कर से त्रिमूर्ति चौक पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी दुर्किघटना नहीं घटी पर दिन-रात मेहनत कर अपना और अपने परिवार का पेट पालने वाले इन गरीब दुकानदारों का सब कुछ तबाह हो गया। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे खड़े ‘मेहता जी गुपचुप भंडार’ का पूरा का पूरा काउंटर पलट गया। सैकड़ों गुपचुप, चाट का सारा सामान, कीमती बर्तन और आइसक्रीम के ठेले का सामान सड़क पर बिखर कर पूरी तरह बर्बाद हो गया। जिस गुपचुप और सामग्री को बेचकर ये दुकानदार शाम को अपने घर का चूल्हा जलाते, वह सब पुलिस की गाड़ी के धक्के से मिट्टी में मिल गया। अपनी आँखों के सामने अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह बर्बाद होते देख भुक्तभोगी दुकानदार सड़क पर बेबसी के आंसू रोने को मजबूर दिखे। हादसे के बाद त्रिमूर्ति चौक पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। जनता के बीच उपजे भारी आक्रोश को देखते हुए टक्कर मारने वाले पुलिस वाहन को तत्काल जब्त कर स्थानीय थाने ले जाया गया है। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और मांग की है कि उनकी गाड़ियों को टक्कर मारने वाले दोषी चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए।

Spread the love