Eksandeshlive Desk
रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विवेकानंद की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया है।राज्यपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर रविवार को लिखा है कि सभी देशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। साथ ही कहा है कि स्वामी विवेकानंद के आदर्श हमें सिखाते हैं कि हर युवा के भीतर बदलाव लाने की शक्ति है। आइए, इस दिन पर हम अपनी जिम्मेदारियों को समझें और एक समृद्ध, शक्तिशाली और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लें।मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर रविवार को लिखा है कि देश की समृद्ध संस्कृति को विश्व पटल पर ले जाने वाले, युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती पर शत-शत नमन। आज राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सभी को बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सहित अन्य नेताओं ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें नमन किया है। मरांडी ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि महान युगद्रष्टा और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें सादर नमन। साथ ही राष्ट्रीय युवा दिवस की आप सभी को शुभकामनाएं। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने युग प्रवर्तक, हिंदू, हिंदुत्व और हिंदुस्तान को दुनिया में प्रतिष्ठित करने वाले, आध्यात्मिक गुरू और युवाओं से प्रेरणापुंज स्वामी विवेकानंद की जयंती पर कोटिशः प्रणाम किया है। उन्होंने सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी सोशल मीडिया पर स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने कहा है कि युवाओं के प्रेरणास्रोत एवं महान विचारक स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए अपनी प्रतिभा एवं ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर देश तथा समाज की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।