राज्यपाल गंगवार से मिले बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान के पदाधिकारी

360°

जनजातीय गौरव उत्सव, उद्घाटन समारोह में शामिल होने का दिया निमंत्रण

रांची/हजारीबाग: बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान के पदाधिकारियों ने सोमवार को रांची स्थित लोक भवन में राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय अभियान प्रमुख राजमणि एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर सावंत ने राज्यपाल को हजारीबाग में आगामी 17 से 24 अगस्त तक आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव उत्सव की विस्तृत जानकारी दी। पदाधिकारियों ने राज्यपाल को उत्सव के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव उत्सव के दौरान जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने के साथ महिला उद्यमिता, सामाजिक जागरूकता और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राज्यपाल संतोष गंगवार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समय उपलब्ध होने पर हजारीबाग में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव उत्सव में शामिल होने का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद अभियान के पदाधिकारियों ने राज्यपाल के प्रति आभार जताया। साथ ही जनजातीय गौरव उत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए चल रही तैयारियों को लेकर उत्साह व्यक्त किया।

Spread the love