भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू बोले परिमल नाथवानी की जीत शत-प्रतिशत तय, विपक्षी खेमे में बढ़ी बेचैनी
रांची: राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आज होटल रेडिशन ब्लू में ठहरे एनडीए विधायकों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विधायकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा मॉक पोल प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य राज्यसभा चुनाव में मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि से बचना था। कई नए विधायकों को मतदान की प्रक्रिया से विस्तार से अवगत कराया गया। इस दौरान सभी विधायक एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत को लेकर आश्वस्त और उत्साहित नजर आए।
मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पर होटल राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि उसके विधायक बीएनआर होटल में क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई देता है।आदित्य साहू ने दावा किया कि एनडीए के सभी विधायक एकजुट हैं और पूरी मजबूती से परिमल नाथवानी के समर्थन में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि नाथवानी की जीत “सौ फीसदी तय” है। साथ ही यह भी कहा कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए मतदान कर सकते हैं।उन्होंने कांग्रेस द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए बाहरी नेताओं को पोलिंग एजेंट बनाए जाने पर भी सवाल उठाए। साहू ने कहा कि कांग्रेस ने अपने झारखंड प्रभारी के. राजू और सह प्रभारी सीरी वेल्ला प्रसाद को पोलिंग एजेंट बनाया है, जिससे स्थानीय कांग्रेस नेताओं की भूमिका और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, जदयू विधायक सरयू राय, भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, नागेंद्र महतो, शशि भूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, प्रकाश राम, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, मंजू कुमारी, कुमार उज्ज्वल, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान तथा आजसू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो सहित एनडीए के कई विधायक मौजूद।
