रांची नगर निकाय चुनाव: वार्ड 18 में कांग्रेस और झामुमो नेताओं के बीच नोकझोंक, वार्ड 24 में समर्थकों के बीच झड़प

Election

Eksandeshlive Desk

रांची : रांची नगर निकाय चुनाव के दौरान सोमवार को वार्ड संख्या 18 के एक मतदान केंद्र पर उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब कांग्रेस नेता राजेश गुप्ता उर्फ छोटू और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पार्षद प्रत्याशी सोमवीत माजी के बीच तीखी बहस हो गई। सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने तत्काल दोनों नेताओं को मतदान केंद्र से बाहर कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई।

वार्ड 24 में भी हुआ हंगामा : इस घटना में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच भी कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की सतर्कता से हालात नियंत्रण में रहे। इसी बीच वार्ड नंबर 24 स्थित जामिया हुसैनिया मतदान केंद्र पर भी दो पक्षों के समर्थकों के बीच अचानक कहासुनी के बाद झड़प हो गई। वहां तैनात सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और सभी को मतदान केंद्र परिसर से बाहर निकाला। प्रशासन की ओर से बताया गया कि दोनों घटनाओं के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक मतदान जारी है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, जिससे कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Spread the love