SUNIL
साहिबगंज: सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और रात्रिकालीन ड्यूटी की वास्तविक स्थिति परखने के लिए सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान रविवार की देर रात करीब दो बजे अचानक सदर अस्पताल पहुंच गए। सिविल सर्जन के औचक निरीक्षण से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने प्रसव कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, पेन वार्ड समेत अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और रात्रि ड्यूटी में तैनात चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की।
निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष में रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर तैनात कुछ चिकित्सक एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि रात्रिकालीन ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही एक दिन का वेतन रोकने की बात भी कही।
इमरजेंसी में डॉ. केशव कृष्ण मिले तैनात
सिविल सर्जन ने रात करीब दो बजे इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ. केशव कृष्ण ड्यूटी पर मौजूद मिले। उन्होंने इमरजेंसी की व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा रात्रिकालीन चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल कर्मियों को निर्देश दिया कि रात के समय इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही ड्यूटी रोस्टर का हर हाल में पालन सुनिश्चित करने को कहा।
पेन वार्ड में नाइट गार्ड भी मिला अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान पेन वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। यहां निर्धारित ड्यूटी पर नाइट गार्ड मौजूद नहीं मिला। इस पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित गार्ड को वहां से हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर एवं निर्बाध स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भविष्य में रात्रिकालीन ड्यूटी से अनुपस्थित रहने अथवा कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
