धनबाद : धनबाद पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे यार्ड से गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। धनसार थाना क्षेत्र के काठपुल बरमसिया स्थित रेलवे यार्ड में खड़ी गंगा-सतलज ट्रेन के जरिए अवैध गांजा बाहर भेजे जाने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब पांच किलो गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। इस संबंध में धनबाद के सिटी एमपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते रात करीब 8 बजकर 20 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर रेलवे यार्ड पहुंचे हैं और गंगा सतलज ट्रेन के माध्यम से उसकी तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही धनसार थाना की गश्ती टीम और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए काठपुल रेलवे यार्ड के पास घेराबंदी की।
