News By Sunil
रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रांची के कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. डीके सिन्हा ने पदभार ग्रहण करने के उपरांत शनिवार को मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए संस्थान के समग्र विकास व मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अपनी प्राथमिकताओं व कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनकी पहली व सर्वोच्च प्राथमिकता रिम्स आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ व समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना होगी। मरीजों के हित से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संस्थान में आवश्यक सुधारात्मक कदम निरंतर उठाए जाएंगे, ताकि उपचार व्यवस्था व अधिक प्रभावी बन सके।
प्रो. डॉ. सिन्हा ने कहा कि रिम्स एक प्रमुख शिक्षण व चिकित्सा संस्थान है, जहाँ एमबीबीएस, बीडीएस, नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों का संचालन होता है। ऐसे में उनकी दूसरी प्रमुख प्राथमिकता शिक्षण व्यवस्था को व अधिक सुदृढ़ व व्यवस्थित बनाना होगी। उन्होंने कहा कि पठन-पाठन सुचारु रूप से संचालित हो, इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन, इन्फ्रास्ट्रक्चर व अन्य संसाधनों को सुदृढ़ करने की दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में कार्यकारी निदेशक ने कहा कि एमबीबीएस नामांकन व टेंडर प्रक्रियाओं से संबंधित मामलों की जांच कर रही सक्षम एजेंसियों को रिम्स प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थान पारदर्शिता व जवाबदेही के सिद्धांतों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि रिम्स जैसे महत्वपूर्ण संस्थान के समग्र विकास के लिए सभी हितधारकों—चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों व मीडिया—को सकारात्मक सोच व सामूहिक भावना के साथ कार्य करना होगा।मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए प्रो. डॉ. सिन्हा ने पत्रकार बंधुओं से रचनात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मीडिया के साथ नियमित व बेहतर संवाद बनाए रखने के उद्देश्य से वे प्रतिदिन सायं 5:00 बजे के बाद पत्रकारों के प्रश्नों व जिज्ञासाओं के समाधान हेतु उपलब्ध रहेंगे।
