By Mustaffa
मेसरा (राँची): क्षेत्र के विकास को रफ्तार देने के लिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने विभिन्न स्थानों पर करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण योजनाओं का सामूहिक रूप से शिलान्यास किया। इन सड़कों के बनने से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। शिलान्यास कार्यक्रमों की श्रृंखला में मुख्य रूप से निम्नलिखित सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है,राँची-हजारीबाग मुख्य सड़क से बीआईटीरी,जीएंडएच हाई स्कूल होते हुए आर्मी कैंप तक जाने वाली 4.850 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लागत 421.52 लाख है। चंदवे कुम्हरिया राज्य पथ अलमु से होतकी दुबलिया राज्य पथ तक सड़क निर्माण,जिसकी कुल लागत 185.234 लाख है। रिंग रोड मदरा मुंडा चौक से रेंड़ो बस्ती तक 1.400 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण,जिसकी कुल लागत 85 लाख है। बारहु से बरवारोली तक 1.795 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण,जिसकी कुल लागत 74.063 लाख है। गोबरहप्पा से चउली तक सड़क निर्माण,जिसकी कुल लागत 71.361 लाख है। शिलान्यास स्थल पर पहुँचने पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और विधायक सुरेश कुमार बैठा का माला पहनाकर व बुके देकर भव्य स्वागत किया। नेताओं ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी पहली प्राथमिकता है और आने वाले दिनों में कई अन्य योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य संजय कुमार महतो,मेसरा मंडल अध्यक्ष महानंद महतो,प्रखंड प्रमुख एस मुंडा,मुखिया आर मुंडा,शिवलाल महतो,राजा महतो,लक्ष्मण महतो,अर्जुन राम और सुकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग व ग्रामीण उपस्थित थे।
