हजारीबाग की बेटी ने कैलिफोर्निया में रचा इतिहास, प्रिया को मिली पीएचडी की उपाधि

360° Education Ek Sandesh Live

आंदोलनकारी की पुत्री ने बढ़ाया झारखंड व भारत का सम्मान

बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई डॉ. तनु प्रिया

रिपोर्ट भाष्कर की

हजारीबाग : आर्य नगर निवासी, 1974 आंदोलनकारी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिश श्रीवास्तव की पुत्री डॉ. तनु प्रिया ने अमेरिका के कैलिफोर्निया में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर झारखंड और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे हजारीबाग समेत राज्य में खुशी का माहौल है। डॉ. तनु प्रिया ने अमेरिका में एच-4 वीजा पर आश्रित भारतीय महिलाओं के उच्च शिक्षा संबंधी अनुभवों पर आधारित अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। उनके शोध की गहराई, मौलिकता और सामाजिक महत्व को देखते हुए उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके शोध कार्य को सराहना मिली। उनका शोध केवल एक शैक्षणिक उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन लाखों भारतीय महिलाओं के संघर्ष, सपनों और शिक्षा के प्रति समर्पण को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास भी है। अपने अध्ययन में उन्होंने महिलाओं के आत्मविश्वास, चुनौतियों, अवसरों और उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। छोटे शहर हजारीबाग से निकलकर अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक जगत में पहचान बनाने वाली डॉ. तनु प्रिया की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे झारखंड और भारत को गौरवान्वित किया है। डॉ. तनु प्रिया को पीएचडी की उपाधि मिलने पर शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें झारखंड की शान, भारत की गौरव बेटी और नई पीढ़ी की प्रेरणा बताकर सम्मानित कर रहे हैं। आज डॉ. तनु प्रिया की यह उपलब्धि हजारों युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और हौसले बुलंद हों, तो दुनिया का कोई भी मंच दूर नहीं होता।

Spread the love