साहित्य संकल्प: रांची इकाई की ऑनलाइन काव्य गोष्ठी सफलतापूर्वक सम्पन्न

360° Ek Sandesh Live

SUNITA AGRWAL

रांची: साहित्य संकल्प रांची इकाई द्वारा गूगल मीट के माध्यम से एक भव्य ऑनलाइन काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार राकेश रमण ने की। कार्यक्रम का सफल आयोजन इकाई अध्यक्ष अर्पणा सिंह ‘अर्पी’ जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुष्पा पांडेय के मंत्रोच्चारण तथा मुकुंद शर्मा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। स्वागत उद्बोधन में अर्पणा सिंह ‘अर्पी’ ने सभी साहित्यकारों का आत्मीय स्वागत किया। रांची इकाई को सक्रिय एवं सशक्त साहित्यिक मंच के रूप में स्थापित करने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके सतत प्रयास, संगठन क्षमता एवं साहित्य के प्रति समर्पण के कारण ही यह गोष्ठी सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफल रूप में सम्पन्न हो सकी। उन्होंने साहित्यकारों को एक सूत्र में जोड़ने तथा साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर गति प्रदान करने का सराहनीय कार्य किया है।
संस्था के संस्थापक आदित्य अविरल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उनकी प्रेरणादायी उपस्थिति एवं साहित्य के प्रति समर्पित दृष्टि ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन की गरिमा में वृद्धि की। गोष्ठी का संचालन पूनम वर्मा ने अत्यंत प्रभावशाली, संयमित एवं सौम्य शैली में किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उचित अवसर प्रदान करते हुए कार्यक्रम की लय और गरिमा को अंत तक बनाए रखा। उनके सहज संचालन कौशल ने गोष्ठी को अधिक व्यवस्थित, रोचक और सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गोष्ठी में झारखंड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े साहित्यकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी श्रेष्ठ रचनाओं का पाठ किया। कार्यक्रम की विशेषता महिला रचनाकारों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। उनकी सशक्त प्रस्तुतियों ने साहित्यिक वातावरण को समृद्ध बनाया तथा कार्यक्रम को नई ऊँचाइयाँ प्रदान कीं।
विशेष रूप से रेणु झा ‘रेणुका द्वारा प्रस्तुत मैथिली गीत ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और क्षेत्रीय भाषाओं की साहित्यिक समृद्धि का सुंदर परिचय कराया। संपूर्ण कार्यक्रम में हिंदी साहित्य का वातावरण बना रहा तथा प्रतिभागियों ने कविता, गीत एवं अन्य साहित्यिक विधाओं के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान मुकुंद शर्मा ने गोष्ठी की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता एवं साहित्यिक वातावरण की प्रशंसा की तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में राकेश रमण ने सभी प्रस्तुतियों की सारगर्भित समीक्षा की। उन्होंने रचनाओं के गुणों की सराहना करने के साथ-साथ रचनात्मक सुधार की संभावनाओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने विशेष रूप से इस तथ्य पर प्रसन्नता व्यक्त की कि झारखंड विशेषकर रांची में साहित्य के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका निरंतर सशक्त हो रही है और साहित्यिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में मधुमिता साहा, रेणु बाला धार, रश्मि सिन्हा, सुनीता अग्रवाल, मुकुंद शर्मा, आदित्य अविरल, रिम्मी वर्मा, राकेश रमण, उमा सिन्हा, निर्मला कर्ण, पूनम वर्मा, डॉ. उर्मिला सिन्हा, सिम्मी नाथ, संगीता सहाय, शमा सिन्हा, रेणु झा ‘रेणुका’, पुष्पा पाण्डेय, रंजना वर्मा ‘उन्मुक्त’ तथा डॉ. लोकेश शर्मा सहित अनेक साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं के माध्यम से कार्यक्रम को साहित्यिक ऊँचाइयाँ प्रदान कीं तथा आत्मीय संवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति से गोष्ठी को सफल एवं स्मरणीय बनाया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस गोष्ठी को अत्यंत सफल, प्रेरणादायी एवं साहित्यिक दृष्टि से समृद्ध आयोजन बताया। साहित्य संकल्प – रांची इकाई द्वारा आयोजित यह गोष्ठी साहित्यिक संवाद, सृजन और आत्मीयता का एक सुंदर उदाहरण बनकर स्मरणीय रही।

Spread the love