पेयजल संकट को लेकर सड़क पर उतरी महिलाएं, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

360° Ek Sandesh Live


रांची: राजधानी रांची के महात्मा गांधी रोड स्थित अंजुमन प्लाजा चौक के पास गुरुवार को पेयजल की गंभीर समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड संख्या 15 से बड़ी संख्या में महिलाएं, बाल्टी व बर्तन लेकर सड़क पर उतर आईं व रांची नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि वे पिछले करीब दो महीनों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। कई बार संबंधित विभाग व जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण उन्हें दैनिक जरूरतों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क जाम के कारण मेन रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना व हिंदपीढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान का आश्वासन भी दिया गया। महिलाओं ने कहा कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए विवश होंगी। उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में जल संकट ने उनकी परेशानी कई गुना बढ़ा दी है।

Spread the love