संदीप कुमार बने हंटरगंज और दिलेश्वर कुमार बने गिद्धौर के नए थाना प्रभारी, पुरुषोत्तम अग्निहोत्री लाइन हाजिर

360°


रिपोर्ट /अशोक अनन्त
चतरा: चतरा पुलिस अधीक्षक ने जिले में व्यापक और सुदृढ सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसपी कार्यालय की गोपनीय शाखा द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार दो अनुभवी अधिकारियों को नए थानों की कमान सौंपी गई है, जबकि कार्यप्रणाली के आधार पर गिद्धौर के निवर्तमान थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री को लाइन क्लोज कर दिया गया है। आदेश के तहत टंडवा थाना में पदस्थापित 2018 बैच के पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार को हंटरगंज थाना प्रभारी बनाया गया है, जो पूर्व थाना प्रभारी प्रभात कुमार के तबादले के बाद से खाली चल रहा था। संदीप कुमार इससे पहले राजपुर थाना प्रभारी के रूप में सेवा दे चुके हैं और उन्हें सदर व टंडवा थानों में काम करने का लंबा अनुभव प्राप्त है। वहीं 2012 बैच के वरिष्ठ पुलिस अवर निरीक्षक दिलेश्वर कुमार को गिद्धौर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो इससे पूर्व वशिष्ठनगर-जोरी थाने की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक संभाल चुके हैं। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने दोनों नवपदस्थापित अधिकारियों को बिना किसी विलंब के अपने-अपने थानों में योगदान देने का सख्त निर्देश दिया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस-पब्लिक मैत्री संबंध को मजबूत करने के लिए अधिकारियों की कार्यक्षमता के अनुसार यह बदलाव किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि आम जनता की शिकायतों के त्वरित निवारण और अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Spread the love