By Sunil
रांची। वन महोत्सव के अवसर पर संत जेवियर्स कॉलेज 1/3 कंपनी एनसीसी की ओर से आईक्यूएसी के सहयोग से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन मंगलवार को किया गया। इस अभियान का उद्देश्य वन संरक्षण, वृक्षारोपण के महत्व तथा पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम की शुरूआत कैडेटों के बीच पौधों के वितरण से हुई। इसके पश्चात कैडेटों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के उद्यान में पौधारोपण कराया गया। इस अभियान का उद्देश्य सभी में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा एक हरित, स्वच्छ के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। इस जागरूकता कार्यक्रम में 40 एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी कैडेटों ने पर्यावरण संरक्षण, सतत जीवनशैली तथा हरित क्षेत्र बढ़ाने के महत्व पर चर्चा की और वृक्षारोपण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का सफल समापन एएनओ कैप्टन डॉ. प्रिया श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों ने वनों की रक्षा करने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा एक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।
