शहीद विलियम लुगुन स्मृति वार्षिक मेला आयोजन, मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी किया गया आयोजन
AMIT RANJAN
जलडेगा: प्रखंड मुख्यालय स्थित विलियम लुगुन चौक पर गुरुवार को शहीद विलियम लुगुन स्मृति वार्षिक मेला का आयोजन किया गया। मेला का उदघाटन मुख्यि अतिथि के रुप में उपस्थित जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने किया। उन्होंने शहीद लुगुन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद घड़ा फोड़ कर होने वाले विभिन्नी कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। जोसिमा ने कहा कि शहीद विलियम लुगुन जनप्रतिनिधियों के आदर्श हैं। उनके बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा। शहीद के नाम पर मेला का आयोजन किया गया है, जो काफी सराहनीय है। उन्हों ने कहा कि लोग शहीद विलियम लुगुन के आदर्शों को जाने, समझें और इससे प्रेरणा लें। इससे पूर्व जोसिमा खाखा सहित विशिष्टा अतिथि जिप सदस्यण समरोम पौल तोपनो, भाजपा नेता सुजान मुंडा, मुखिया शिशिर डांग, पसंस जयंती देवी सहित अन्य लोगों ने शहीद लुगुन की कब्र में श्रद्धांजलि अर्पित की। मेला आयोजन समिति के पदधारियों ने सभी अतिथियों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इधर मेले में नागपुरिया कला संस्कृति की आकर्षक प्रस्तुति हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सजे नृत्य दलों ने मांदर की थाप और लोक गीतों की धुन पर सुंदर नृत्य की प्रस्तुति की। नृत्य प्रतियोगिता में कई स्थानीय नृत्य दल शामिल हुए। केलुगा, पाहनटोली, पतिअंबा, कोलोमडेगा, मयोमडेगा, बारीवृंगा सहित दर्जनों गांवों के लोग मेला में पहुंचे थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अनुराग लुगून, अनुज लुगून आदि का योगदान रहा। मौके पर लीला नाग, शोभेन, विजय सहित काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। मौके पर डहर पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।