शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का निधन, जैत में हुआ अंतिम संस्कार

NATIONAL

भोपाल एम्स में एक सप्ताह से थीं भर्ती, सांस संबंधी परेशानी के चलते वेंटिलेटर पर चल रहा था उपचार, शोक में डूबा परिवार

Eksandeshlive Desk

भोपाल: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। करीब 76 वर्षीय काशीबाई पिछले एक सप्ताह से गंभीर रूप से अस्वस्थ थीं। सांस संबंधी परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था, जहां हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। काशीबाई का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर तीन बजे उनके पैतृक गांव जैत, जिला सीहोर में किया गया।

इससे पहले मां के निधन की सूचना मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए। चौहान ने स्वयं इस संबंध में सोशल मीडिया में जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “आज हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुःख और पीड़ा का दिन है। हमारी पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी हमें छोड़कर अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गई हैं। मां का जाना जीवन में एक ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता। आज उनकी स्मृतियां मन को भावुक कर रही हैं। परमपिता परमेश्वर के श्रीचरणों में प्रार्थना है कि माताजी को अपने दिव्य धाम में स्थान प्रदान करें। पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार दोहपर 03 बजे गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर में होगा। ॐ शांति! शोकाकुल परिवार शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह चौहान, शशि सिंह चौहान, रोहित सिंह चौहान, वरुण सिंह चौहान।” साकेत नगर स्थित निवास पर अंतिम दर्शन: परिजनों के अनुसार, काशीबाई का पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित उनके निवास 9-बी पर अंतिम दर्शन के लिए रखा। इसके बाद पार्थिव शरीर को सीहोर जिले के पैतृक गांव जैत ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार हुआ।

Spread the love