शतरंज का महासंग्राम 30 सितंबर से चाईबासा में, 390 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

Sports

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल में किया जाएगा। रविवार को प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर सीताराम रुंगटा रीक्रिएशन हॉल, टाउन क्लब में संघ की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए अब तक 390 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 254 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय फीडे रेटिंग प्राप्त हैं। प्रतियोगिता में देश के 13 राज्यों के खिलाड़ियों के साथ नेपाल के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय मास्टर आराध्या गर्ग 2430 फीडे रेटिंग के साथ शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। आयोजन को समावेशी स्वरूप देते हुए तीन नेत्रहीन और एक दिव्यांग खिलाड़ी को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। नौ चक्रों में होने वाली इस प्रतियोगिता का संचालन अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर विशाल मिंज के नेतृत्व में 14 सदस्यीय आर्बिटर टीम करेगी। बसंत खंडेलवाल ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि बढ़ाकर छह लाख रुपये कर दी गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी है। प्रतियोगिता में कुल 50 नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। विजेता को एक लाख रुपये और ट्रॉफी, उपविजेता को 60 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 40 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के लिए भी ट्रॉफी निर्धारित की गई है। पिछले वर्ष प्रतियोगिता में 345 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 30 सितंबर को सुबह 11 बजे आयोजित होगा। संघ की ओर से आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए राजस्थान भवन, रुंगटा मैरिज हाउस, खिरवाल धर्मशाला सहित विभिन्न होटलों में व्यवस्था की गई है। प्रेस वार्ता में संघ के उपाध्यक्ष जहांगीर आलम, जयदेव चंद्र त्रिपाठी, संयुक्त सचिव अनंत लाल विश्वकर्मा, सुब्रत चंद्र त्रिपाठी, अर्पित खिरवाल, मनीष शर्मा, कन्हैया पाण्डेय और देवेन्द्र पाण्डेय मौजूद थे।

Spread the love