स्कूली छात्र का अपहरण कर गोली मारने का आरोप, रांची ले जाते समय मौत

Crime

Eksandeshlive Desk

लातेहार: सदर थाना क्षेत्र के परसही गांव निवासी 16 वर्षीय स्कूली छात्र विकास पासवान की हत्या रविवार को हो गई। परिजनों के अनुसार, छात्र को लातेहार शहर के मिशन चौक के समीप से दो युवकों ने अगवा कर लिया था। आरोप है कि दोनों उसे पतकी जंगल की ओर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई और गोली मार दी गई। गंभीर हालत में छात्र को सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए। बाद में राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रांची जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। परिजनों ने बताया कि घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचने के बाद विकास ने घटना के संबंध में जानकारी दी थी। उसने बताया कि मोहम्मद अरबाज और एक अन्य युवक उसे अपने साथ ले गए थे। उससे एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। इसके बाद उस पर हमला किया गया और गोली मार दी गई। इधर इस मामले में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Spread the love