तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर सिमडेगा पुलिस ने आरोपी को दबोचा
AMIT RANJAN
सिमडेगा: नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में सिमडेगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में शामिल आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को सिमडेगा थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कहीं ले जाने को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर सिमडेगा थाना में कांड संख्या 124/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ मानवीय सूचना का समन्वय करते हुए आरोपी और नाबालिग की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने 25 सितंबर को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में शामिल अप्राथमिकी अभियुक्त अधन्न वारीस उर्फ अयान अंसारी (20 वर्ष), पिता मो. आयुब अंसारी, निवासी मिर्जापुर मोहल्ला, साहबगंज, थाना राजघाट, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
