स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान वार्ता टली, लेबनान पर इजराइली हमले में 18 की मौत, मैक्रों ने नेतन्याहू से किया ज़िम्मेदारी और समझदारी दिखाने का आह्वान

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

जिनेवा/बेरूत/इस्तांबुल : अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को होने वाली बातचीत टाल दी गई है। उधर, अमेरिका-ईरान के शांति समझौते की घोषणा के बावजूद लेबनान में इजराइली हमले जारी हैं। ताजा हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से ज़िम्मेदारी और समझदारी दिखाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वे गाज़ा, वेस्ट बैंक और दक्षिणी लेबनान में इज़राइल की नीतियों से सहमत नहीं हैं।

दक्षिणी लेबनान में रात भर हुई कार्रवाई के दौरान चार इजराइली सैनिक भी मारे गए : अमेरिकी न्यूज चैनल एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार स्विस विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, “अमेरिका, ईरान, कतर और पाकिस्तान के बीच होने वाली बातचीत टाल दी गई है। स्विट्जरलैंड भविष्य में होने वाली बातचीत में मदद करने के लिए तैयार है। बर्गेनस्टॉक में इससे जुड़ी तैयारी का काम जारी है। फिलहाल और कोई जानकारी नहीं दी जा सकती।” स्विस मंत्रालय ने कहा कि व्हाइट हाउस ने गुरुवार देररात घोषणा की कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ईरान के साथ हुए समझौते (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) को लागू करने पर शुरुआती बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड नहीं जाएंगे। इससे स्विस सरकार की बैठक की तैयारियों पर पानी फिर गया है। स्विस विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा था कि अमेरिका और ईरान शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में शुरुआती बातचीत के लिए मिलेंगे। इस बैठक में मध्यस्थता करने वाले देशों पाकिस्तान और कतर के अधिकारी भी शामिल होंगे। यह बैठक ल्यूसर्न के पास एक रिसॉर्ट इलाके बुर्गेनस्टॉक में होने की उम्मीद है। चैनल की रिपोर्ट के अनुसार लेबनान के जन स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दक्षिणी लेबनान के 11 अलग-अलग कस्बों और गांवों में रात भर हुए इजराइली हमलों में कम से कम 18 लोग मारे गए और 33 लोग घायल हो गए। मंत्रालय ने कहा कि मरने वालों की यह शुरुआती संख्या है और जारी हमलों के कारण बचावकर्मी पीड़ितों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इजराइल डिफेंस फोर्सेस ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में रात भर हुई कार्रवाई के दौरान चार इजराइली सैनिक भी मारे गए।

मैक्रों ने वेस्ट बैंक में नई बस्तियों के निर्माण और अन्य कार्रवाइयों को अस्वीकार्य बताया : फ्रांस के एवियन में टीवी चैनल फ्रांस-2 को दिए साक्षात्कार को लेकर तुर्किए की सरकारी संवाद समिति अनाडाेलू ने बताया कि मैक्रों ने वेस्ट बैंक में नई बस्तियों के निर्माण और अन्य कार्रवाइयों की आलोचना करते हुए उन्हें पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उनका कहना था कि ऐसी नीतियां क्षेत्र में नाराज़गी और हिंसा को बढ़ावा दे रही हैं तथा शांति प्रयासों को कमजोर कर रही हैं। मैक्रों ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच हुआ समझौता हाल ही में आयोजित जी-7 समिट के अंतिम चरण में तय हुआ था। उन्होंने इस धारणा को खारिज किया कि यह समझौता ईरान के समर्पण का संकेत है। उन्होंने कहा कि ईरान की कई सैन्य क्षमताओं को कमजोर किया जा चुका है लेकिन अगले 60 दिनों तक चलने वाली वार्ताओं में महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा आवश्यक होगी। मैक्रों ने यह भी दोहराया कि फ्रांस और ब्रिटेन होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से सुरक्षित और खुला रखने में सहयोग देने के लिए तैयार हैं। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि पेरिस ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर संभावित वार्ताओं में भाग लेने के लिए भी तैयार है। उन्होंने लेबनान की सेना को देश के विभिन्न क्षेत्रों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सहायता देने की भी बात कही। वहीं, यूक्रेन-रूस के बीच चल रहे युद्ध पर उन्हाेंने यूक्रेन के प्रतिरोध की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने साहस, नवाचार और सैन्य उत्पादन क्षमता के बल पर दुनिया को चौंकाया है। मैक्रों ने उम्मीद जताई कि रूस पर दबाव बढ़ाकर उसे बातचीत की मेज़ पर लौटने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने संघर्ष के समाधान की दिशा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए गए प्रयासों का भी स्वागत किया।

Spread the love