तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत

360°

तोपचांची के रंगलीटांड में हादसे से मचा कोहराम, अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित किया

Eksandeshlive Desk

धनबाद: धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड में शुक्रवार को तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि एक बच्चे को डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों बच्चे भी गहरे पानी में चले गए और तीनों डूब गए। मृतकों की पहचान रलझल, कुंदरो और आभा के रूप में की गई है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों बच्चे शुक्रवार को रंगलीटांड स्थित तालाब में नहाने गए थे। परिजनों के मुताबिक, तीनों अक्सर इसी तालाब में नहाने जाते थे। शुक्रवार को भी वे तालाब में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान एक बच्ची अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चली गई और डूबने लगी। उसे डूबता देखकर साथ मौजूद दोनों बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वे भी गहरे पानी में चले गए। कुछ ही देर में तीनों बच्चे पानी में डूब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल तालाब में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की और तीनों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद तीनों बच्चों को आनन-फानन में इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, धनबाद ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद तोपचांची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद रंगलीटांड और आसपास के इलाके में शोक और मातम का माहौल है।

Spread the love