News By Bhaskar
हजारीबाग : उपायुक्त हेमन्त सती ने सोमवार को बाल सुधार गृह (संप्रेक्षण गृह) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों की देखरेख एवं उपलब्ध सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बाल कैदियों से मुलाकात एवं संवाद कर उनका हालचाल जाना। उपायुक्त ने रसोईघर का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा साफ-सफाई एवं पोषण मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही बच्चों के छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्था का आकलन किया और बच्चों को नियमित पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय का भी अवलोकन किया। मौके पर उपस्थित काउंसलर को निर्देश दिया कि बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई कराएं तथा हिंदी भाषा में महापुरुषों की प्रेरणादायक कहानियों की पुस्तकें उपलब्ध कराकर उन्हें पढ़ने हेतु प्रोत्साहित करें। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा दसवीं के बाल कैदियों को प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने के लिए कड़ी मेहनत करने का सुझाव दिया। उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में बाल सुधार गृह में कुल 68 बच्चे आवासित हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रतिनियुक्त जिला पुलिस बल को सख्त निर्देश दिया कि संप्रेक्षण गृह अधीक्षक की अनुमति के बिना किसी भी परिस्थिति में अवकाश पर न जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों के समुचित विकास, शिक्षा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
