उपायुक्त ने ईचाक मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग का किया औचक निरीक्षण, सड़क सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश

360° Ek Sandesh Live

हजारीबाग : उपायुक्त हेमन्त सती ने मंगलवार को सड़क सुरक्षा को लेकर ईचाक मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ईचाक मोड़ के मध्य सड़क क्षेत्र में स्थित दुकानों को हटाकर स्थल को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कॉम्प्लेक्स निर्माण कर उन्हें समुचित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। उपायुक्त ने मोड़ के दोनों ओर यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक संरचनात्मक एवं तकनीकी उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क के दोनों तरफ प्वाइंटवार कंक्रीट ब्लॉकेज, स्पीड ब्रेकर को कलर करने तथा स्लाइडर सहित आवश्यक उपकरण स्थापित करने को कहा, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित भूमि पर संभावित अवैध कब्जों की जांच करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक उपाय कर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त हेमन्त सती के अलावा डीटीओ संतोष चौधरी, ईचाक सीओ संतोष कुमार एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Spread the love