उत्तर-पश्चिम दिशा में हुई बर्फबारी के चलते झारखंड में दो-तीन डिग्री और गिरेगा तापमान

States

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के विभिन्न जिलों में अगले दो से तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री की और गिरावट होगी। यह जानकारी मौसम वैज्ञानिक डॉ अभिषेक आनंद ने मंगलवार को दी है। उन्होंने बताया कि पिछले एक दिन में राज्य भर में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट हुई है। इसलिए अभी इसमें अभी और कमी होगी। डॉ आनंद ने बताया कि यह गिरावट उत्तर-पश्चिम दिशा में हुई बर्फबारी के चलते आनेवाली ठंडी हवाओं के कारण हो रही है। उन्होंने बताया कि तापमान में गिरावट सात-आठ मार्च तक रुकेगी। इसके बाद तापमान में वृद्धि होगी।

बता दें कि उत्तर भारत की ठंडी हवाएं झारखंड की ओर बह रही हैं, जिस कारण राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले दो दिनों तक झारखंड का मौसम ठंडा ठंडा रहेगा। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को गर्मी की मार सहनी पड़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का प्रभाव अब लगभग समाप्त हो चुका है और आज इसका कोई असर देखने को नहीं मिलेगा। इसके कारण आज प्रदेश में बारिश का कोई संकेत नहीं है। आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा।

बता दें कि पिछले 24 घंटों में झारखंड में सबसे अधिक तापमान (Maximum Temprature in Jharkhand) सरायकेला में 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान (Minimum Temprature) हजारीबाग में 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन कई इलाकों में तेज धूप के कारण गर्मी भी काफी महसूस हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज भी गर्मी महसूस होगी। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है ।

Spread the love