लातेहार में अज्ञात अपराधियों ने लगायी मिक्सर मशीन में आग

Crime States

Eksandeshlive Desk

लातेहार: जिला के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकडीह गांव में अज्ञात अपराधियों ने उत्पात मचाते हुए मिक्सर मशीन को जला दिया। हालांकि घटना को किसके द्वारा अंजाम दिया गया इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आगजनी की घटना को लेकर बताया जा रहा है कि मानिकडीह गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर काम करने लिये लगाये गये मिक्सर मशीन को शुक्रवार रात अज्ञात अपराधियों ने जला दिया। शनिवार सुबह कार्यस्थल पर जब लोग पहुंचे तो वहां मिक्सर मशीन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त और जला हुआ पाया, इसके बाद घटना की जानकारी संबंधित संवेदक को दी गई। हालांकि घटना को अंजाम किसके द्वारा दिया गया इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। कुछ लोग इसे उग्रवादी घटना मान रहे हैं तो कई लोग इसे आपसी दुश्मनी के रूप में भी देख रहे है।
इस घटना के संबंध में संवेदक या अन्य किसी के भी द्वारा शनिवार को खबर लिखे जाने तक पुलिस को लिखित रूप से शिकायत नहीं की गई है। इस संबंध में पूछने पर डीएसपी दिलु लोहरा ने बताया कि मामले की शिकायत थाने में नहीं की गई थी, पर स्थानीय लोगों के द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। इसके बाद पुलिस पूरे मामले को लेकर छानबीन कर रही है।