Ashutosh Jha
काठमांडू: भगवान श्री हनुमान जी के प्रति आस्था एवं श्रद्धा व्यक्त करते हुए तथा सनातन धर्म और संस्कृति को समेटकर निर्मित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के प्रदर्शन के अवसर पर सनातन हिन्दू मोर्चा, वीरगंज महानगरपालिका समिति द्वारा मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर लड्डू वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऋषिपञ्चमी पर्व के साथ गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन “जय श्रीराम, जय सियाराम, जय हनुमान” के जयघोष के साथ ऐतिहासिक हनुमान मंदिर महावीर स्थान में सामूहिक पूजा-पाठ किया गया। इसके पश्चात मंदिर परिसर सहित ए–म्याक्स सिनेमाहल बाइपास रोड, त्रिमूर्ति सिनेमा हल मुर्ली, वीरगंज न्यूरो अस्पताल में मरीजों के कुरुवा, शक्तिपीठ श्री गहवा माई मंदिर क्षेत्र तथा श्री गणेश पूजा स्थल पर लड्डू वितरण किया गया।
कार्यक्रम सनातन हिन्दू मोर्चा वीरगंज महानगर समिति के अध्यक्ष आनन्द गुप्ता के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इसमें सनातन हिन्दू मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष संतोष पटेल, केन्द्रीय सदस्य योगेन्द्र प्रसाद कलवार, अरविन्द कुमार मदनवाल, पर्सा जिला उपाध्यक्ष अंशु कुमार प्रजापति, वीरगंज नगर समिति के मंत्री दीपक साह, कोषाध्यक्ष राजु साह तेली तथा नगर सदस्य सागर साह, विकी साह, सुमित श्रीवास्तव, निरञ्जन कुशवाहा, कृष्ण मोहन वर्णवाल सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रही। मोर्चा ने पृथ्वी पर आज भी जीवित माने जाने वाले भगवान श्री हनुमान जी के सम्मान तथा सनातन धर्म एवं संस्कृति को समेटकर ‘हनुमान अंश’ फिल्म का निर्माण करने वाली पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 300 पीस अर्थात 12 किलोग्राम लड्डू श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के बीच वितरित किए गए।
