विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया स्वास्थ्य मेले का  शुभारंभ

360° Ek Sandesh Live

हजारीबाग:  सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने सदर प्रखंड के ओरिया स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के इस प्रयास की सराहना की। स्वास्थ्य मेले में स्थानीय नागरिकों के लिए विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई थी। इनमें नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श, दवाइयों का वितरण, टीकाकरण और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी प्रमुख थीं। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड के पंजीकरण और वितरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। मेला स्थल पर लगे विभिन्न स्टॉल्स पर विशेषज्ञ डॉक्टरों ने शारीरिक जांच की और रोगियों को उचित परामर्श दिया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। इसके साथ ही, स्वच्छता, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली पर जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष सत्र भी आयोजित किए गए।विधायक ने कहा की यह स्वास्थ्य मेला क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और प्रभावी बनाना है। हमारा प्रयास है कि हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जनता को प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस तरह के आयोजन लोगों को न केवल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ते हैं, बल्कि उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव भी लाते हैं।

अपने संबोधन के दौरान विधायक ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि हजारीबाग क्षेत्र में हर व्यक्ति को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिले। यह स्वास्थ्य मेला इस दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। विधायक ने स्वास्थ्य कर्मियों, डॉक्टरों और आयोजन समिति के सदस्यों को इस आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के सामूहिक प्रयासों से ही समाज में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकती हैं।