विष्णुगढ़ में एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के बीएलए को दिया गया प्रशिक्षण

360° Ek Sandesh Live

विष्णुगढ़/हजारीबाग : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को विष्णुगढ़ प्रखंड सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, सत्यापन एवं गणना प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं तथा अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से सफल बनाने पर जोर दिया गया। अंचलाधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नित्यानंद दास ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक गणना एवं सत्यापन कार्य संचालित किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ और बूथ लेवल एजेंट अपने-अपने क्षेत्रों में समन्वय बनाकर कार्य करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी संबंधित कर्मियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। प्रशिक्षण के दौरान बूथ लेवल एजेंटों ने बीएलओ एवं बीएलए के बीच नियमित संवाद और बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। इस पर अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आगे भी समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और सभी प्रक्रियाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभय कुमार, जिला परिषद सदस्य शेख तैयब, कंप्यूटर ऑपरेटर बुद्धदेव राम, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अब्बास अंसारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कपिल देव चौधरी, झामुमो सचिव संजय प्रजापति, गुरु प्रसाद साव, भाजपा नेता अनूप कसेरा, जुगल प्रसाद स्वर्णकार, रामजन्म राय, सजन शर्मा, बच्चन राम मेहता, त्रिवेणी मंडल, दशमी कुमारी, शेख कौसर, राजेश प्रसाद, सुरेश राम, हरि यादव, मिट्ठू यादव, बटेश्वर कुमार मिश्रा, उपमुखिया सुनील कुमार, महेंद्र कुमार, मधेश्वर प्रसाद, हेमलाल साव, द्वारिका साव, मनोज रविदास तथा जेएलकेएम प्रखंड कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में बूथ लेवल एजेंट उपस्थित थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने, प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा निष्पक्ष एवं विश्वसनीय चुनाव प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए सामूहिक रूप से सहयोग देने का संकल्प लिया।

Spread the love