विश्व पर्यावरण दिवस पर हरियाली लायेंगे, खुशहाली पाएंगे नारों से गूंज उठा प्रतापपुर वन प्रक्षेत्र

360° Ek Sandesh Live

By Ajay Raj

जागरूकता रैली, प्रभात फेरी एवं पौधारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
प्रतापपुर (चतरा): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रतापपुर वन प्रक्षेत्र द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पर्यावरण जागरूकता रैली सह प्रभात फेरी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली एवं प्रभात फेरी से हुई, जिसमें वन विभाग के अधिकारियों, कर्मियों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों ने “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, धरती मां की यही पुकार, पेड़ लगाओ बार बार”, पर्यावरण को बचाना है , जीवन को सजाना है” जैसे खूब नारे लगाए । रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण के प्रति लोगों को जागरूक किया। पर्यावरण से जुड़े प्रेरणादायक नारों के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।इसके उपरांत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा हरियाली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का भी संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व में आयोजित क्विज़ एवं चित्रकला (पेंटिंग) प्रतियोगिता के उत्कृष्ट प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हम सभी की निरंतर जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने के आह्वान के साथ हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वनरक्षी नीरज कुमार, संजय कुमार, अंकित कुमार सहित अन्य कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।।

Spread the love