दवा फैक्ट्री के रिएक्टर में विस्फोट, दो मजदूरों की मौत, दो की हालत गंभीर

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

हैदराबाद: तेलंगाना के यादाद्री-भुवनगिरी जिले के भूदान पोचमपल्ली मंडल के दोथीगुडेम गांव के पास एक दवा फैक्ट्री में शुक्रवार रात रिएक्टर में विस्फोट हो गया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना में कुल 10 मजदूर घायल हुए हैं। बताया गया कि हादसा रात की पाली के दौरान हुआ। रिएक्टर में अचानक हुए विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई और पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया। रिएक्टर के पास काम कर रहे बिहार के मजदूरों समेत 10 कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। कंपनी प्रबंधन ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

तेज धमाके से फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में अफरातफरी मच गई और आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही चौटूप्पल ग्रामीण सर्किल इंस्पेक्टर (सीआई) सतीश रेड्डी, सब-इंस्पेक्टर (एसआई) जगन समेत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ियों ने भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बताया गया है कि इस कंपनी में पिछले महीने भी एक हादसा हुआ था, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों को लेकर आसपास के ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है। उल्लेखनीय है कि हैदराबाद के समीप स्थित पोचमपल्ली गांव विनोबा भावे के भूदान आंदोलन की शुरुआत के लिए जाना जाता है। पोचमपल्ली अपनी प्रसिद्ध रेशमी साड़ियों के लिए भी प्रसिद्ध है।

Spread the love