MUSTFA
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत मेसरा रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार सुबह योगाभ्यास के दौरान एक अज्ञात अधेड़ (लगभग 45-50 वर्ष) की अचानक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रिम्स (बरियातू),रांची के शीतगृह में रखवा दिया है। मृतक काले रंग की टी-शर्ट और ग्रे हाफ पैंट पहने हुए है। शरीर पर चोट का कोई निशान न होने के कारण थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने प्रथम दृष्टया मौत की वजह हृदय गति रुकना (हार्ट अटैक) बताया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार,मृतक बीते 4-5 दिनों से केदल श्मशान घाट के यात्री शेड में रह रहा था और ग्रामीण ही उसे भोजन-पानी दे रहे थे। शनिवार सुबह लगभग 5 से 6 बजे के बीच ग्रामीणों द्वारा उसे स्टेशन के पास योगा करते देखा गया था, जिसके बाद वह अचेत मिला। पुलिस ने सोशल मीडिया व स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए शव की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। वहीं, थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने अपील की है कि, मृतक की पहचान से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर बीआईटी मेसरा ओपी के सरकारी नंबर-9431706571 पर तुरंत संपर्क करें।
