MUSTFA
मेसरा (रांची): बीआईटी मोड़ केदल स्थित मनरखन महतो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शिक्षक दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन अवसर अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष मनरखन महतो,विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों एवं व्याख्याताओं ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर एवं केक काटकर किया। समारोह में पूर्व राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन का स्मरण करते हुए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं के सम्मान में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। संस्थान के अध्यक्ष मनरखन महतो ने सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और मेहनत के बल पर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं, निदेशक मनोज कुमार महतो ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनने का आधार है। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में संस्थान परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, जीवन एवं उनके कर्मयोग के संदेश (सत्य, धर्म, कर्म व कर्तव्य) को जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर उतारा। आयोजन में संस्थान के ट्रस्टी वीरेंद्रनाथ ओहदार, खुशबू सिंह, कृति काजल, प्रबंधक मुकेश कुमार, प्रशासिका मीना कुमारी एवं पूनम कुमारी की प्रमुख मौजूदगी रही। साथ ही बीएड कॉलेज के प्राचार्य डॉ दूधेश्वर महतो, नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य चित्रवेल वी, फार्मेसी कॉलेज की प्राचार्या श्रुति सुमन, पैरामेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डीके शर्मा, सभी व्याख्यातागण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
