मेसरा-अनगड़ा सीमा पर नदी से बरामद शव का खुलासा: नेपाल का पदम बहादुर निकला मृतक

360° Ek Sandesh Live

MUSTFA

मेसरा (​रांची): मेसरा ओपी और अनगड़ा थाना क्षेत्र की सीमा पर रिंग रोड स्थित स्वर्णरेखा नदी से बरामद सड़े-गले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक की जेब से मिले आईडी कार्ड के आधार पर उसकी पहचान नेपाल के अछाम जिला (ढुंगाचाल्ना) निवासी 40 वर्षीय पदम बहादुर बुढ़ा के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि बीते दिन रिंग रोड स्थित स्वर्णरेखा नदी (बुधिया बगान के समीप) में पानी सप्लाई पाइप के नीचे एक अज्ञात पुरुष का शव फंसा मिला था। नदी में मछली पकड़ने गए स्थानीय युवकों की नजर जब पाइप के पास अटके शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मेसरा ओपी पुलिस को दी। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि यह तीन से चार दिन पुराना है। आशंका जताई जा रही है कि हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान नदी में आए तेज उफान और बहाव में बहकर शव यहां तक पहुंचा और पाइपलाइन के ढांचे में फंस गया। इधर मृतक की शिनाख्त होते ही घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों व स्थानीय लोगों में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स,रांची भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Spread the love