By Mustaffa
मेसरा (रांची): ओरमांझी प्रखंड स्तरीय युवा आजसू की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता दीपक महतो ने की,जिसमें प्रखंड के अंतर्गत आने वाले सभी 18 पंचायतों के युवा आजसू पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में युवाओं के वर्तमान हालातों,स्थानीय भ्रष्टाचार और आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ओरमांझी पूर्वी की जिला परिषद सदस्य एस देवी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 22 जून को आयोजित आजसू पार्टी के स्थापना दिवस सह जन आक्रोश महारैली में ओरमांझी प्रखंड से युवाओं की ऐतिहासिक और सबसे मजबूत भागीदारी होगी। युवा इस रैली में भारी संख्या में शामिल होकर अपनी ताकत का अहसास कराएंगे। युवा आजसू के प्रदेश संयोजक अब्दुल जब्बार ने वर्तमान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य का युवा वर्ग मौजूदा सरकार की नीतियों से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। झारखंड में युवाओं के हक-अधिकार को कुचला जा रहा है और नौकरी व शिक्षा की स्थिति बद से बदतर हो गई है। इसी वजह से युवाओं में भारी आक्रोश और असंतोष है,जिसके लिए अब एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। प्रदेश संयोजक उज्जवल महतो ने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रखंड और थाना स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट हों और आम जनता की आवाज बनें। उन्होंने कहा कि युवा आजसू इस भ्रष्ट सिस्टम के विरुद्ध अपनी लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी। बैठक को संबोधित करते हुए चेतन प्रकाश ने एक गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बीआईटी मेसरा जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में झारखंडी युवाओं के लिए आरक्षित 50 प्रतिशत सीटों को सरकार की नाक के नीचे खत्म करने की साजिश रची जा रही है। इसमें कहीं न कहीं सरकार की सहमति और मिलीभगत साफ महसूस होती है,जिसके खिलाफ सभी युवाओं को एकराय होकर लड़ना होगा। प्रखंड प्रभारी रंजीत महतो ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि युवा आजसू का विस्तार ओरमांझी के एक-एक गांव तक किया जाएगा। पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो के नेतृत्व में एक बेहद मजबूत और सक्रिय युवा संगठन का निर्माण किया जा रहा है। इस बैठक में मुख्य रूप से अजीत कुमार,मनोज कुमार महतो,मुकेश कुमार महतो,साहिल अंसारी,अभिषेक यादव,रोहन महतो,रोहित महतो,मनोहर कुमार महतो,अमित कुमार नायक, बबलू कुमार लाल,किशोर महतो,संतोष कुमार,अशोक महतो,सुनील कुमार महतो सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
