By Ashok Anant
तापपुर(चतरा)1 पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चरकाखुर्द गांव से भारी मात्रा में प्रतिबंधित डोडा बरामद किया है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर चरकाखुर्द गांव में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान तस्कर सुनील कुमार के घर से छह अलग-अलग प्लास्टिक बोरियों में रखा गया 83 किलो 790 ग्राम प्रतिबंधित अफीम डोडा बरामद किया गया है। एसडीपीओ नें बताया कि जब्त डोडा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बरामद डोडा को बिहार ले जाकर बेचने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि मामले में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इतना ही नहीं पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके। प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चतरा पुलिस नशे के कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जो भी व्यक्ति मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ नें कहा कि किसी भी कीमत पर जिले को नशा तस्करों का सुरक्षित ठिकाना नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि ऐसे तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में प्रतापपुर अंचल अधिकारी विकास कुमार टुडू और थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
