21 बोरे में 7 क्विंटल डोडा बरामद

Crime Ek Sandesh Live

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा (अफीम) बरामद किया है। यह कार्रवाई कदमडीह के पास स्थित घने जंगल में की गई, जहां तस्करों ने बड़ी चालाकी से नशीले पदार्थ को छिपाकर रखा था। पुलिस के अनुसार, मौके से कुल 21 बोरे डोडा के जब्त किए गए हैं, जिनका कुल वजन करीब सात क्विंटल बताया जा रहा है। बरामद डोडा की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

बुंडू के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर जंगल का इस्तेमाल कर भारी मात्रा में डोडा का भंडारण कर रहे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सर्च अभियान के दौरान पुलिस को डोडा जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाया हुआ मिला। सभी 21 बोरे बरामद कर जब्त कर लिए गए। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए और किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की पहचान करने के लिए ग्रामीणों से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Spread the love