By Ashok Anant
प्रतापपुर(चतरा): जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव से लापता हुए 12 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बिहार के बोधगया से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की इलाके में जमकर सराहना हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार शंकरपुर निवासी बीरेंद्र साव ने 10 मई को प्रतापपुर थाना पहुंचकर आवेदन दिया था कि उनका पुत्र अनमोल कुमार सुबह करीब चार बजे घर से कहीं निकल गया और वापस नहीं लौटा। परिवार के स्तर पर काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का पता नहीं चला तो परिजन परेशान हो उठे।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत प्रतापपुर थाना सनहा संख्या 07/26 दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बच्चे की तस्वीर और जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की गई तथा सीमावर्ती थानों को भी सतर्क किया गया। पुलिस लगातार बच्चे की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बच्चा भटकते हुए बिहार के बोधगया पहुंच गया है। सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस ने बिहार पुलिस से समन्वय स्थापित किया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। बताया गया कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। बरामदगी के बाद पुलिस ने बच्चे को उसके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया। बेटे को सकुशल वापस पाकर परिवार के लोगों की आंखें भर आईं। परिजनों ने चतरा पुलिस और बिहार पुलिस का आभार जताया।थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने कहा कि किसी भी गुमशुदगी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाती है और आम लोगों से भी अपील की गई कि ऐसे मामलों में बिना देर किए पुलिस को सूचना दें। चतरा पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि वह कानून व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं के निर्वहन में भी हमेशा तत्पर है।।
