Reporting by Mustaffa
पूर्व उप प्रमुख की भावुक अपील: डिजिटल अनुशासन का पालन करें,सोशल मीडिया पर कुर्बानी के फोटो-वीडियो पोस्ट करने से पूरी तरह बचें
मेसरा (राँची): आगामी 28 मई (दिन गुरुवार) को देश भर में त्याग,समर्पण और बलिदान का महापर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) पूरी अकीदत और मजहबी अदब के साथ मनाया जाएगा। इस मुकद्दस मौके को लेकर ओरमांझी प्रखंड के पूर्व उप प्रमुख,सामाजिक संगठन (ऑल झारखंड एकता मंच) रांची झारखंड के सचिव सह ग्राम कुट्टे निवासी वरिष्ठ समाजसेवी जनाब मुंतजिर अहमद रजा ने तमाम मुस्लिम समुदाय से आपसी सौहार्द,शांति और स्वच्छता बनाए रखने की एक बेहद भावुक व मार्मिक अपील की है। वरिष्ठ समाजसेवी ने बड़े ही संजीदा लहजे में कहा,हमारा झारखंड गंगा-जमुनी तहजीब का एक अनूठा गुलदस्ता है। त्योहार की खुशियाँ मनाते वक्त हमें अपने आस-पास के हर वर्ग और पड़ोसी की भावनाओं का खास ख्याल रखना चाहिए। अपनी खुशी के उत्साह में हमें कभी भी इतना मगरूर (अहंकारी) नहीं होना चाहिए कि हमारे अगल-बगल रहने वाले हमारे हमवतन भाइयों के दिलों और उनकी भावनाओं को कोई ठेस पहुंचे। पूर्व उप प्रमुख ने पर्व के दौरान सामाजिक मर्यादा,डिजिटल अनुशासन और साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए समाज से इन 5 अहम बातों पर कड़ाई से अमल करने का निवेदन किया है,धार्मिक क्रियाकलापों या कुर्बानी का कोई भी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर हरगिज-हरगिज़ पोस्ट ना करें। ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें जिससे समाज का सौहार्द खराब होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो। त्योहार के माहौल को खराब करने वाली किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। समाज के सभी लोग पूरी तरह अलर्ट और सचेत रहें तथा अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों से सख्त परहेज करें। कुर्बानी के वक्त परदे की उचित व्यवस्था की जाए,ताकि किसी भी गैर-समुदाय के नागरिक की भावनाएं आहत न हों। सार्वजनिक रास्तों,मुख्य सड़कों या खुले स्थानों पर कुर्बानी न दी जाए और न ही सड़कों पर खून बहने दिया जाए। कुर्बानी के बाद बचे हुए अवशेषों और गंदगी को इधर-उधर खुले में फेंकने के बजाय,एक गहरा गड्ढा खोदकर मिट्टी से अच्छी तरह ढक दें,ताकि प्रदूषण और दुर्गंध न फैले। श्री रजा ने जोर देते हुए कहा कि भारत की खूबसूरती इसकी विविधता में एकता है। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा यह पहला कर्तव्य है कि हम 28 मई को होने वाले इस त्योहार को आपसी प्रेम,भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करें। इस पावन अवसर पर पूर्व उप प्रमुख मुंतजिर अहमद रजा ने ओरमांझी प्रखंड सहित तमाम झारखंड वासियों और अहले वतन (देशवासियों) को बकरीद की दिली मुबारकबाद (ईद मुबारक) पेश की है। उन्होंने परवरदिगार से दुआ की कि यह त्योहार हर घर में सुख,समृद्धि,तरक्की और अमन-चैन का पैगाम लेकर आए।
