By अशोक अनन्त
कान्हाचट्टी (चतरा) पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि हेसापारम रोड से बीके हाई स्कूल कान्हाचट्टी की ओर एक व्यक्ति लूना मोटरसाइकिल पर नशीले पदार्थ की खेप लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर चेकिंग अभियान चलाया गया। सघन तलाशी के दौरान संदिग्ध बाइक सवार दिलीप ठाकुर के पास से 06 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस लूना और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी दिलीप ठाकुर कान्हाचट्टी का ही रहने वाला है। थाना प्रभारी ने बताया कि इलाके में नशे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
