Eksandeshlive Desk
पटना : रूस की राजधानी मॉस्को के विमपेल स्टेडियम में 4 से 6 अप्रैल तक चले कराटे विश्व कप- 2025 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर की बेटी अनुष्का ने इतिहास रचा है। 13 वर्षीय अनुष्का अभिषेक ने सिल्वर मेडल जीता है। अनुष्का ने ताजिकिस्तान, उज़्बेकिस्तान और क्वार्टरफाइनल में अर्मेनिया को हराकर पदक जीता है।
फाइनल में 3 प्वाइंट से चूक गई : सेमीफाइनल में मॉरीशस को हराकर वह फाइनल में पहुंची, जहां उसका मुकाबला रूसी खिलाड़ी से हुआ। फाइनल में वह 3 प्वाइंट से चूक गई और सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। यह गर्व की बात है कि बिहार के एक छोटे से शहर से निकलकर उन्होंने दूसरी बार भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अनुष्का के साथ रूस गए उनके मुख्य कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि अनुष्का ने सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। अनुष्का ने अपनी इस जीत का श्रेय अपने कोच को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका प्रोत्साहन किया। उन्होंने पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश को कई पदक दिलाए हैं।
अनुष्का काे बचपन से ही थी खेल में रूची : मुजफ्फरपुर की रहने वाली अनुष्का अभिषेक की सफलता की कहानी राेचक है। अनुष्का के माता-पिता ने उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेल के प्रति भी प्रोत्साहित किया। उनकी मेहनत और परिवार के सहयोग ने आज उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह मुकाम दिलाया। अनुष्का ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावक और अपने कोच को दिया है। कराटे वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय टीम के मुख्य कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव को भी विशेष सम्मान मिला। उन्हें वर्ल्ड फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट नारेक मनुक्यान ने ‘बेस्ट कोच अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। यह न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व की बात है।