मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर झारखंड में दो दिन का राजकीय शोक, 7 सितंबर को सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड सरकार ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य में दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। 6 और 7 सितंबर को राजकीय शोक मनाया जाएगा। वहीं, 7 सितंबर को राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक और पुलिस महकमे को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सुदिव्य कुमार का निधन 6 सितंबर की सुबह गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में हुआ। उनके निधन के बाद राज्य सरकार ने सम्मान स्वरूप दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आदेश की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। राजकीय शोक की अवधि में राज्य के उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है। इस दौरान किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा। सरकार ने शोक की अवधि में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। राजकीय शोक के साथ ही 7 सितंबर को सभी सरकारी कार्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है। आदेश की प्रति राज्यपाल कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भेजी गई है। इसके अलावा झारखंड उच्च न्यायालय, लोकायुक्त कार्यालय, सूचना आयोग, विधानसभा सचिवालय और अन्य संबंधित संस्थानों को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए आदेश की प्रति भेजी गई है।

राजकीय शोक के कारण 7 सितंबर को झारखंड में सरकारी स्कूल और कॉलेज भी बंद रहेंगे। झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस दिन राज्य के सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी। उल्लेखनीय है कि सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड सरकार में नगर विकास एवं आवास विभाग के साथ उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके निधन के बाद सरकार ने तत्काल प्रभाव से राजकीय शोक की घोषणा की है।

Spread the love