महिला की संदिग्ध मौत, जहर देकर हत्या करने का आरोप

360° Crime Ek Sandesh Live

Eksandesh Desk

पलामू: जिला से सटे गढ़वा के गिजना की महिला अंजू तिवारी (36) पति अभय शंकर तिवारी की संदिग्ध मौत हो गयी।
हालांकि जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर लेने की चर्चा है। मंगलवार को एमएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम किया गया। हालांकि मायके पक्ष के लोगों ने जहर देकर अंजू को मार डालने का आरोप लगाया है।
पति के अनुसार अंजु ने शनिवार को अचानक जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। मोहल्ले के लोगों ने उसे इलाज के लिए गढ़वा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया, लेकिन उसे इलाज के लिए तुंबागड़ा नवजीवन हॉस्पिटल में ले गए। यहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
पति ने बताया कि घर पर कोई नहीं था। सास को चार महीने पहले ही अंजू बाहर भेज दी थी। धान रोपनी कराने के लिए वे घर से बाहर गए थे। अचानक अंजू ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। कारण स्पष्ट तौर पर नहीं बताया।
इधर, परिजनों ने इसे आत्महत्या न मानते हुए हत्या का मामला बताया है। मृतका के भाई ओमप्रकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि अंजू को उसके पति और ससुरालवालों की ओर से लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले मारपीट के बाद बिस्किट में जहर मिलाकर जबरन खिलाया गया, जिससे अंजू की तबीयत बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज नहीं लाया गया। रांची रेफर किया गया, लेकिन रांची न ले जाकर तुम्बागङा अस्पताल में काफी देर से भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मायके वालों का आरोप है कि पति अभय शंकर तिवारी का गांव की एक लड़की से अवैध संबंध था और उसी कारण उसने साजिशन अंजू की हत्या की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों को आशंका है कि आरोपी पक्ष मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2004 में अंजू की शादी हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं।