मनप्रीत सिंह ने एशिया कप खिताब पंजाब के बाढ़ पीड़ितों को किया समर्पित

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को बिहार के राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गत चैंपियन कोरिया को 4-1 से हराकर एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम के स्टार खिलाड़ी मनप्रीत सिंह ने खिताब को पंजाब के बाढ़ पीड़ितों को समर्पित किया। उल्लेखनीय है कि पंजाब राज्य बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। प्रदेश के सभी बाढ़ प्रभावित जिलों के 2,050 गांवों के 20 लाख से ज्यादा लोग इससे प्रभावित हैं। वहीं बाढ़ के कारण अब तक 48 लोगों की जान जा चुकी है। राहत कार्यों के लिए टीमें तैनात हैं।

ओलंपिक पदक विजेता मनप्रीत ने जीत के बाद कहा, “मैं इस जीत को पंजाब के उन लोगों को समर्पित करना चाहता हूं जो इस समय भयानक बाढ़ से जूझ रहे हैं। उनकी ताकत और हिम्मत हमारे लिए सच्ची प्रेरणा है। यह जीत हर उस पीड़ित के नाम है जो अपना जीवन फिर से बसाने की कोशिश कर रहा है और उन निस्वार्थ स्वयंसेवकों के नाम है जो दिन-रात राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।” जालंधर के बाहरी इलाके मीठापुर गांव में एक किसान परिवार में जन्मे 33 वर्षीय मनप्रीत ने इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई, जिससे टीम को अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप में सीधा प्रवेश मिला।

Spread the love