BY MUSTAFFA
मेसरा: बीआईटी थाना क्षेत्र के नेवरी केन्दुआ टोली गांव निवासी दसवीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा लापता हो गई है। इस संबंध में छात्रा के पिता विश्वकर्मा महतो ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बिहार के छपरा जिले के अंजनी मठिया गांव निवासी ट्रक चालक दीपक कुमार,पिता मोहर राय पर उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसला कर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,छात्रा के पिता की विकास चौक पर चाय की दुकान है। आरोपी वहां अक्सर चाय पीने आता था। इसी दौरान उसकी छात्रा से जान-पहचान हुई। आरोप है कि धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ गई। आरोपी ने छात्रा को एक मोबाइल फोन भी दिया था,जिसके माध्यम से दोनों की बातचीत होती थी। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने मोबाइल फोन जब्त कर लिया था। बताया जाता है कि तीन नवंबर को छात्रा विकास चौक जाने की बात कहकर घर से निकली थी,लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों सहित अन्य संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की,लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
