आवास योजना की तीसरी किस्त में रिश्वत मांगने का आरोप, महिला ने डीसी से लगाई न्याय की गुहार

360° Ek Sandesh Live

रिपोर्ट – अजय राज

ढलाई के लिए मिलने वाली राशि में 30 हजार रुपये की मांग का आरोप, भुगतान नहीं करने पर किस्त रोकने की शिकायत

प्रतापपुर (चतरा): प्रतापपुर प्रखंड में अबुआ आवास योजना के लाभुकों से कथित रूप से पैसे की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। एघारा पंचायत अंतर्गत कौरा गांव निवासी नेहा खातून ने आवास निर्माण की तीसरी किस्त के भुगतान में 30 हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को जनता दरबार में उपायुक्त, चतरा को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन के अनुसार, नेहा खातून को वित्तीय वर्ष 2024-25 में अबुआ आवास योजना के तहत आवास आवंटित किया गया था। उन्होंने अपने आवास का निर्माण ढलाई तक पूरा कर लिया है। लेकिन अब तक उन्हें केवल दो किस्तों में क्रमश: 30 हजार और 50 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। शेष राशि के अभाव में आवास की ढलाई का कार्य अधूरा पड़ा है तथा पूरा परिवार खपरैल कच्चा मकान में रहने को मजबूर है। महिला का आरोप है कि तीसरी किस्त के भुगतान के एवज में पंचायत स्वयंसेवक अरुण कुमार एवं मुखिया द्वारा कथित तौर पर 30 हजार रुपये की मांग की जा रही है। आवेदन में उन्होंने बताया है कि मांग के अनुसार 3500 रुपये देने के बावजूद शेष राशि नहीं देने पर भुगतान रोकने की बात कही जा रही है। कथित तौर पर उन्हें यह भी कहा गया कि पैसा नहीं देने पर ऊपर से भी भुगतान नहीं होगा।
गरीब महिला ने डीसी से लगाई न्याय की गुहार
नेहा खातून ने अपने आवेदन में खुद को गरीब महिला बताते हुए सवाल उठाया है कि आखिर वह इतनी बड़ी रकम कहां से लाएगी। उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने तथा आवास निर्माण की बकाया राशि का भुगतान जल्द से जल्द कराने की मांग की है। अबुआ आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। ऐसे में योजना के भुगतान में कथित अवैध वसूली का आरोप गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि आवेदन में लगाए गए आरोपों को लेकर संबंधित पंचायत के मुखिया को कॉल करने के बाद भी फोन नहीं उठाया गया वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी के मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका।

Spread the love