Eksandeshlive Desk
पलामू: पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोरसम, पुंडरू, जांजो एवं ठेकही में आज अफीम,पोस्ता एवं गांजा की अवैध खेती की रोकथाम हेतु एक जागरूकता अभियान चलाया गया।
यह अभियान ताल पंचायत के अंतर्गत आने वाले उक्त गांवों में आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों महिला, पुरुष, युवक एवं युवतियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अभियान में ताल पिकेट के पदाधिकारी सoअoनिo मुरारी दास, सoअoनिo सुनील सुभाष भेंगरा एवं ताल पिकेट के जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को अफीम,पोस्ता एवं गांजा की अवैध खेती के दुष्परिणाम एवं इसमें संलिप्त पाए जाने पर मिलने वाले कानूनी दंड के प्रावधानों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को अवैध फसलों की जगह वैकल्पिक खेती जैसे चावल, गेहूं, चना, सरसों, मसूर, ज्वार, सोयाबीन, मूंगफली, अरंडी, बाजरा एवं कटहल की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के अंत में सभी ग्रामीणों को अफीम,पोस्ता एवं गांजा की खेती नहीं करने की शपथ दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।